श्रीनगर, 29 मार्च (आईएएनएस)| एक सरपंच द्वारा अलगाववादी के अंगरक्षक पर गोली मारने का आरोप झूठा पाया गया। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस सूत्रों ने दी। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के एक उप सरपंच नूर मोहम्मद ने बुधवार को आरोप लगाया था कि स्थानीय मस्जिद में उस पर गोली चलाई गई थी जिसमें उसके हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नूर मोहम्मद का प्राथमिक उपचार करने वाले चिकित्सकों ने उसके घाव पर संदेह जाहिर किया।
पुलिस सूत्र ने बताया कि चिकित्सकों ने कहा कि घाव जलने का लग रहा था जिसके बारे में नूर ने गोली का घाव होने का दावा किया था। घाव का नमूना लिया गया और फोरेंसिक लैब भेजा गया जहां उसका दावा झूठा साबित हुआ।
सरपंच के खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना देने का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे तीन माह की सजा हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।