लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंतिम दौर में ही सही, लेकिन सोमवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। भाजपा ने प्रदेश के पूर्व मंत्री शिव प्रताप शुक्ला को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। पार्टी ने इसके साथ ही विधान परिषद के लिए भी अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। (20:59)
पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यसभा के लिए पूर्व मंत्री एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला को और विधान परिषद के लिए पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व पार्टी के प्रदेश मंत्री दयाशंकर सिंह को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
शिव प्रताप शुक्ला गोरखपुर शहर से चार बार विधायक और प्रदेश सरकार में तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।
प्रदेश में विधायकों की संख्या के हिसाब से भाजपा सिर्फ एक ही प्रत्याशी को जीत दिला कर राज्यसभा भेज सकती है। लेकिन विधान परिषद के लिए पार्टी के दो उम्मीदवारों की घोषणा के बाद, अब यहां मतदान होना तय हो गया है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एवं समाजवादी पार्टी (सपा) छोड़कर आए कई प्रमुख नेता भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं में पूर्व विधान परिषद सदस्य व सपा नेता दिनेश सिंह, पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद (गोरखपुर), पूर्व राज्यमंत्री सर्वेश अंबेडकर (कन्नौज), कन्नौज की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, महोबा के जिला पंचायत सदस्य हरि सिंह वर्मा, महोबा के जिला पंचायत सदस्य महेंद्र वर्मा, डॉ. शैलेश पाठक (बदायूं), विनीत वर्मा (लखीमपुर), राम भजन चौबे (गोंडा) व संजय सिंह (हाथरस) शामिल हैं। इन नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
--आईएएनएस